पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शुरू की मामले की जांच
जागरण टुडे, गुड्डू यादव कासगंज।
अमांपुर थाना क्षेत्र के गांव जाटऊ निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ खाने से मौत हो गई। युवक को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अमांपुर थाना क्षेत्र के गांव जाटऊ निवासी 26 वर्षीय अखिलेश पुत्र भोले सिंह की शादी करीब दो वर्ष पूर्व सहावर थाना क्षेत्र के गांव नगला धूरी निवासी नीतू पुत्री जसवंत सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद दंपति को एक पुत्री हुई, जिसकी उम्र करीब नौ माह बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार बीते दिनों बच्ची की तबीयत खराब हो गई थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि बच्ची का उपचार कराने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद नीतू अपनी पुत्री को लेकर मायके चली गई। बताया गया कि वह बच्ची को दिखाने के लिए एटा गई हुई थी।
इधर, अखिलेश अपनी पत्नी को लेने के लिए ससुराल पहुंचा, लेकिन वहां पत्नी के नहीं मिलने पर उसने कथित रूप से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। युवक की हालत बिगड़ने पर ससुरालीजन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजन युवक को अलीगढ़ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
थाना पुलिस का कहना है कि मृतक के ससुराल पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।