उत्तर प्रदेश के जनपद कासगंज में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसे का पता लगने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मामों निवासी दस वर्षीय जितेन्द्र पुत्र दुर्गेश बीएबी इंटर कॉलेज में कक्षा छह का छात्र था। मंगलवार सुबह वह रोज की तरह स्कूल पढ़ने के लिए घर से निकला था। बताया जा रहा है कि किसी कार्य से वह केएपीजी कॉलेज की ओर चला गया। इसी दौरान ईंटों से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बेटे का शव देखकर मां सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता दुर्गेश, जो खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, बेटे की मौत से बेसुध नजर आए। मृतक जितेन्द्र परिवार में दूसरे नंबर का बेटा था। उससे बड़ा भाई सचिन है, जबकि एक छोटी बहन भी है। हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। चालक तलाश की जा रही है। हादसे के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।