Saturday, June 13, 2026

KASGANJ: अपराध समीक्षा गोष्ठी में कानून व्यवस्था पर मंथन, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 12, 2026

KASGANJ: अपराध समीक्षा गोष्ठी में कानून व्यवस्था पर मंथन, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित

एसपी कासगंज ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साह, अनुशासन और महिला सुरक्षा पर दिए सख्त निर्देश

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

पुलिस अधीक्षक कासगंज ओमप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम सभागार में अपराध समीक्षा गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


गोष्ठी के दौरान जनपद की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, महिला सुरक्षा, जनसुनवाई और थाना प्रबंधन की गहन समीक्षा करते हुए एसपी कासगंज ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिसकर्मी अपने व्यवहार में शालीनता, सौम्यता और संवेदनशीलता बनाए रखें। किसी भी प्रकार की दुर्व्यवहार की शिकायत मिलने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


एसपी ने मिशन शक्ति अभियान एवं एंटी रोमियो स्क्वाड टीमों को महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही थानों और कार्यालयों पर आने वाले फरियादियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।


बैठक में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने, चिन्हित अपराधियों का सत्यापन कर उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने तथा लंबित विवेचनाओं एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।


एसपी ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर बीट आरक्षी से लेकर थाना प्रभारी तक की जवाबदेही तय की जाएगी। वहीं पॉक्सो एक्ट एवं महिला अपराधों में प्रभावी विवेचना और मजबूत पैरवी के माध्यम से आरोपियों को शीघ्र सजा दिलाने पर विशेष बल दिया गया।


सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिस कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.