जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद के थाना पटियाली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को चिंता में बदल दिया। गंजडुंडवारा मार्ग स्थित ग्राम अलीपुर दादर के समीप दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और 108 एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगला पन्नी निवासी 17 वर्षीय हेमंत पुत्र प्रहलाद बाइक से गंजडुंडवारा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर 32 वर्षीय नीरज पुत्र गोकरन, 16 वर्षीय रवीना पुत्री सतीश और सात वर्षीय ऋषभ निवासी दरियावगंज थाना पटियाली सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायल हेमंत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंजडुंडवारा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने नीरज, रवीना और ऋषभ को पटियाली सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को भी बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सालय भेज दिया।
बताया गया कि नीरज के परिवार में उसकी भतीजी स्वाति पुत्री रामनिवास की शादी थी और शनिवार रात एटा से बारात आनी थी। नीरज अपने भतीजे-भतीजी के साथ शादी का सामान खरीदकर वापस लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां चिंता में बदल गईं।
डॉक्टर आकाश पुंडीर ने बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक अजयवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।