जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु शुक्रवार को जनपद न्यायालय परिसर से जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कासगंज रामेश्वर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय कृष्ण यादव, अपर जिला जज रत्नेश कुमार श्रीवास्तव, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम धनन्जय कुमार मिश्रा, विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट एवं राष्ट्रीय लोक अदालत की नोडल अधिकारी जेबा मजीद सहित न्यायालय के विभिन्न न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत एवं अपर जिला जज एससी/एसटी एक्ट जेबा मजीद ने बताया कि प्रचार वाहन का उद्देश्य जनपद के दूरस्थ कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति जागरूकता फैलाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि प्रचार वाहन के माध्यम से राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज (सी.डि.) अविनाश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रचार वाहन के साथ दो पीएलवी को भी नामित किया गया है, जो आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित जानकारी देकर जागरूक करेंगे। उन्होंने वादकारियों से अपील की कि वे 9 मई को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराएं।
कार्यक्रम में अपर जिला जज अनुतोष कुमार शर्मा, अपर जिला जज सत्यप्रकाश आर्या, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट खान जीशान मसूद, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गिरेन्द्र सिंह, अपर सिविल जज प्रवीन कुमार गौतम, प्रथम सिविल जज (जू.डि.) पीयूष मूलचन्दानी, न्यायिक मजिस्ट्रेट वर्तिका शैलत, प्रथम अपर सिविल जज (जू.डि.) अदिती गर्ग, द्वितीय सिविल जज (जू.डि.) अंकिता, सिविल जज (जू.डि.)/जेएम/एफटीसी सचिन सिंह एवं आकांक्षा सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।