Saturday, June 13, 2026

चुनावों में गड़बड़ी के लिए भेजे गए थे प्रशिक्षित अधिकारी: नसीमुद्दीन सिद्दीकी

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 7, 2026

चुनावों में गड़बड़ी के लिए भेजे गए थे प्रशिक्षित अधिकारी: नसीमुद्दीन सिद्दीकी

महिलाओं को 40 हजार रुपये सहायता, 300 यूनिट बिजली मुफ्त देगी सपा

जागरण टुडे, बरेली

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मिशन 2027 शुरू हो चुका है। पीडीए के बलबूते पार्टी सत्ता में वापसी करेगी। चुनावी रणनीति पर चर्चा करते हुए कहा कि सपा के सत्ता में लौटने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, और उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी। गुरुवार को वह पार्टी कार्यालय पर मीडिया के सवालों के जवाब दे रहे थे।

संविधान की धज्जियां उड़ाकर सत्ता में आई भाजपा: पूर्व मंत्री

बंगाल समेत पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम से जुड़े सवाल पर कहा कि वास्तव में इन राज्यों में चुनाव हुआ ही नहीं हुआ। जिन राज्यों में भाजपा सत्ता में है, वहां से अधिकारियों को प्रशिक्षित कर भेजा गया था कि चुनाव में कैसे गड़बड़ी करनी है। उन राज्यों में संविधान की धज्जियां उड़ाई गईं।

 उत्तर प्रदेश में चुनावी रणनीति तय हो चुकी है, बताएंगे नहीं

उत्तर प्रदेश में भाजपा से मुकाबला कैसे करेंगे, इस सवाल पर कहा कि नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि यहां भाजपा को पहले भी देख चुके हैं। चुनावी रणनीति क्या है यह तो नहीं बताएंगे, लेकिन उसी रणनीति के तहत काम शुरू हो चुका है। प्रदेश के 50 जिलों का दौरा कर चुके हैं। पीडीए को मजबूत कर रहे हैं। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को चुनौती मानकर तैयारी की जा रही है।

 संगठन में पीडीए को दी जा रही प्राथमिकता

संगठन में यादव, मुस्लिम नेताओं को महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी और पीडीए में शामिल अन्य जातियों के समायोजन से जुड़े सवाल पर नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि प्रदेश से लेकर जिला तक के संगठन में पीडीए को प्राथमिकता दी जा रही है। गिनाने लगे कि 6743 जातियां हैं, पीडीए में शामिल कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान दिया जा रहा है। हालांकि बरेली में मुख्य संगठन और प्रमुख चारों फ्रंटल संगठनों में मेन पद पर पीडीए की नियुक्ति न होने की बात पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। 

भाजपा सरकार में महंगाई चरम पर है

नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई चरम पर है, सिलिंडर का क्या हाल है, सभी लोग भुगत रहे हैं। बेरोजगारी, महंगाई चरम पर है। भाजपा सरकार ने प्रदेश की गंगा-जमुनी तहजीब में खाई पैदा कर दी है। उसी खाई को पाटने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का संदेश लेकर पूरे प्रदेश में भ्रमण कर रहे हैं। समाज में भाईचारा स्थापित करना ही पार्टी का लक्ष्य है। वन नेशन, वन इलेक्शन से जुड़े सवाल पर कहा कि यह काल्पनिक है, यह संभव नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि पीडीए से जुड़े हर समाज के एक-एक व्यक्ति को संगठन से जोड़ा जा रहा है।

प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद

सपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, अशोक यादव, बृजेश श्रीवास्तव सविता, शाजिद खां, हैदर अली, पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन, पूर्व विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद, इंजीनियर अनीस खां, पूर्व विधायक सुल्तान बेग, राजेश अग्रवाल, सुरेंद्र सोनकर, राजकुमार पाल, सुरेंद्र मिश्रा, हरिओम प्रजापति, जोगेंद्र सिंह पटेल, जमुना प्रसाद मौर्य, राकेश गुप्ता, जितेंद्र मुंडे, राम सेवक प्रजापति, नाजिम कुरेशी, भानु प्रताप, शहाबुद्दीन रेहान, रेहान खान, संजय वर्मा एडवोकेट, परवेज यार खां, अमित गिहार, मोहसिन खान, सुमित यादव, राजेश्वरी यादव और शांति सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.