जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद कासगंज के थाना क्षेत्र सिकंदरपुर वैश्य अंतर्गत ग्राम घबरा में सोमवार तड़के हुई तेज बारिश के चलते एक बड़ा हादसा हो गया। गांव निवासी जितेश कुमार पुत्र भूरेलाल के मकान का लेंटर अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे घर में मौजूद लोग मलबे में दब गए।
हादसे में बबीता पुत्री भूरेलाल, नीलम पत्नी जितेश कुमार, अविनाश पुत्र जितेश कुमार एवं सोनाली (5 वर्ष) पुत्री जितेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल मलबे से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
उपचार के दौरान 5 वर्षीय मासूम सोनाली ने दम तोड़ दिया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। वहीं अन्य घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, लगातार हो रही तेज बारिश के कारण मकान की छत कमजोर हो गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।