भव्य समारोह में छात्र-छात्राओं को मिला सम्मान, विशेष उपलब्धियों पर भी किया गया पुरस्कृत
जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)
स्वामी दयानंद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, परौरा (मीरगंज, बरेली) में यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
हाईस्कूल में उत्सव बन प्रथम, गरिमा और सतेंद्र रहे आगे
विद्यालय स्तर पर हाईस्कूल (कक्षा 10) में उत्सव बन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गरिमा शर्मा द्वितीय और सतेंद्र सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
इंटरमीडिएट में करिश्मा गंगवार ने किया टॉप
इंटरमीडिएट (कक्षा 12) में करिश्मा गंगवार ने प्रथम स्थान हासिल किया। कीर्ति शर्मा द्वितीय तथा प्रिंस तृतीय स्थान पर रहे।
विशेष उपलब्धियों पर मिला सम्मान
समारोह में विशिष्ट उपलब्धियों के लिए भी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट सत्र 2025-26 के छात्र अनुज कुमार का चयन ‘इंस्पायर अवार्ड योजना’ में होने पर उन्हें विशेष सम्मान दिया गया।
इसके साथ ही हाईस्कूल 2025 में जनपद बरेली की बालिकाओं में चौथा स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा सलोनी गंगवार को ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
प्रबंधन ने दिया आशीर्वाद और मार्गदर्शन
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. सत्यवीर गंगवार एवं निदेशक पंकज गंगवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है और छात्रों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत व शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
शिक्षक-छात्रों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य आदेश पाल गंगवार, उप-प्रधानाचार्य जसवीर गंगवार, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।