Friday, October 30, 2026

मेडिकल कॉलेज पहुंचे सीडीओ, मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 30, 2026

मेडिकल कॉलेज पहुंचे सीडीओ, मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश

हड्डी रोग, पीएनसी और मेडिकल वार्ड का लिया जायजा, निर्माणाधीन 50 शैय्या वार्ड का काम समय से पूरा कराने को कहा

जागरण टुडे, शाहजहांपुर

राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की हकीकत परखने के लिए मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और चिकित्सकों को साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और उपचार व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।


सीडीओ ने निरीक्षण की शुरुआत हड्डी रोग विभाग से की। इसके बाद दवा वितरण कक्ष, पीएनसी वार्ड, मेडिकल वार्ड और बुजुर्ग वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही दवा वितरण व्यवस्था को परखते हुए निर्देश दिए कि मरीजों को आवश्यक दवाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। अस्पताल परिसर और वार्डों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।


निर्माणाधीन वार्ड का काम गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने इमरजेंसी वार्ड में चल रहे मरम्मत कार्यों की प्रगति भी देखी। इसके अलावा 50 शैय्या वाले निर्माणाधीन वार्ड का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण और मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे कराए जाएं, ताकि मरीजों को जल्द से जल्द अतिरिक्त चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

निरीक्षण के बाद सीडीओ ने चिकित्सकों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देना प्राथमिकता होनी चाहिए। मरीजों के उपचार, दवा वितरण, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.