जागरण टुडे,कासगंज।
जनपद के सोरों ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत क्यामपुर बहेड़िया में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। गांव में लंबे समय से सफाई कर्मचारी के नियमित रूप से न आने के कारण जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी और आक्रोश देखने को मिल रहा है।उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल कर सफाई व्यवस्था कराये जाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
ग्राम प्रधान सुमन देवी ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों से गांव की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत की आबादी लगभग पांच हजार से अधिक है और यह क्षेत्र काफी बड़ा गांव है। इसके बावजूद यहां सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं पहुंच रहा है, जिससे गांव में स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार जब सफाई कर्मचारी से इस संबंध में बात की जाती है तो वह अपनी ड्यूटी अन्य टीमों के साथ लगाए जाने की बात कहता है। इसी कारण गांव में नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। गांव के मुख्य मार्गों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैली हुई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने विशेष रूप से गांव के धार्मिक स्थलों के आसपास फैली गंदगी पर चिंता जताई है। गांव में स्थित मंदिरों के आसपास भी सफाई न होने से लोगों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर प्रतिदिन श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है, ऐसे में वहां साफ-सफाई रहना बेहद जरूरी है।
प्रधान सुमन देवी ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि गांव में तत्काल सफाई कर्मचारी भेजकर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को गंदगी से निजात मिल सके। मांग करने वालों में गंभीर सिंह यादव, कैलाश चंद्र, नेपाल सिंह, सुशील कुमार, सुदेश कुमार, गौरव सिंह और राहुल सिंह सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।