सहायक आयुक्त खाद्य धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में सचल दल के सदस्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरूण कुमार, राम नरेश, मोहर सिंह कुशवाह एवं भरत सिंह द्वारा सौंख रोड मथुरा स्थित होटल ताज एवं ताज होटल में छापा मारा। यहां साफ़ सफ़ाई संतोषजनक नहीं पाई गई । खाना बनाने एवं परोसने वाले कर्मचारियों की व्यक्तिगत साफ़ सफ़ाई सही नहीं थी।
टीम के अनुसार खाना बनाने में प्रयुक्त पानी की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई। किचन में अस्वास्थ्यकर एवं अस्वच्छकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों बनते पाए गए। होटल मालिक मोहम्मद आरिफ और जमील अहमद को सुधार के लिए नोटिस प्रेषित गए हैं। जब तक उनके द्वारा निरीक्षण में पाई गई कमियों के सुधार की अनुपालन आख्या प्रस्तुत नहीं की जाएगी तब तक के लिए उनके खाद्य लाइसेंस निलंबित कर उनके कारोबार पर रोक लगाई जाएगी।
इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेन्द्र सिंह तथा दलवीर सिंह ने बांके बिहारी मंदिर के निकट गली नं0 2 में राधा रानी मिष्ठान भंडार और गली नंबर 4 में राम बाबू पेड़े वाले से पेड़ा का एक-एक नमूना लिया। संग्रहित किये गये दोनों नमूनें खाद्य प्रयोगशाला प्रेषित कर दिए गये हैं। अब जांच रिपोर्ट आने का इंतजार है।