जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए समाजवादी पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक अहम फैसला लिया है। पार्टी नेतृत्व ने गंजडुंडवारा क्षेत्र के सुजावलपुर गांव निवासी सक्रिय, जुझारू एवं समर्पित नेता राशिद अली को जिला उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति को पटियाली विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।
शुक्रवार को कासगंज में आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह यादव ने राशिद अली को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने विश्वास जताया कि राशिद अली की सक्रियता और जनाधार से पार्टी को आने वाले दिनों में और मजबूती मिलेगी।
वहीं, एटा सांसद देवेश शाक्य ने राशिद अली को बधाई देते हुए कहा कि वह पार्टी के समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। उनकी नियुक्ति से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि राशिद अली पहले से अधिक मेहनत और लगन के साथ कार्य करते हुए पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
राशिद अली ने वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव, 2022 विधानसभा चुनाव तथा 2024 लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए बेहद सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभाई थी। जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़, निरंतर जनसंपर्क और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। इससे पूर्व वह पटियाली विधानसभा महासचिव तथा गंजडुंडवारा ब्लॉक अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहकर संगठन को सशक्त करने का कार्य कर चुके हैं।
राशिद अली के जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने की खबर से पूरे पटियाली विधानसभा क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि राशिद अली जैसे कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित स्थान देना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि राशिद अली अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर विनय कुशवाह, दिनेश शाक्य, बिनोद बघेल, नफीश खान, गंगादीन साहू, तारिक महमूद मंसूरी, निर्दोष तिवारी, ललित मिश्रा, हमराज परवीन, अनीता यादव, अभय यादव, हिकमत अली, वाहिद अली, असलम अंसारी, मुशीर अहमद अंसारी, पुष्पेंद्र यादव, यकीन अंसारी, डॉ. प्रेम सिंह शाक्य और मुनेंद्र शाक्य सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने राशिद अली को शुभकामनाएं दीं।