मथुरा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिलावटी व अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। आयुक्त खाद्य सुरक्षा, उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी गोवर्धन के निर्देशन में दानघाटी मंदिर के सामने से दूध और पेड़ा के नमूने लिए गए। जांच के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे करीब 20 किलो पेड़े को नष्ट कराया गया।
इसके अलावा खाद्य सचल दल ने गौमत-बाजना रोड स्थित अनीता डेयरी पर छापा मारकर पनीर निर्माण में गड़बड़ी पाई। यहां से मिल्क क्रीम व पनीर के नमूने लिए गए और लगभग 250 किलो पनीर को नष्ट कराया गया।
वहीं नौशेरपुर मांट स्थित बृजधाम नैचुरल डेयरी से भैंस के दूध का नमूना लिया गया। कुल 9 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।