उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा की बल्देव विधानसभा क्षेत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को शक्ति प्रदर्शन कार्यक्रम किया। आरएसएस कॉलेज में आयोजितविधानसभा सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे ने किया।
सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मुदिता शर्मा ने की, और विधायक पूरन प्रकाश मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
विधायक पूरन प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाया गया नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि इस कानून से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, जिससे गांव-देहात की बेटियां भी नीति निर्माण में भागीदारी निभा सकेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रहे मिशन शक्ति अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दी जा रही है।
जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने कहा कि डबल इंजन सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर काम कर रही है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ से लेकर लखपति दीदी जैसी योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं।
महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मुदिता शर्मा ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में क्रांतिकारी कदम बताते हुए कहा कि मातृशक्ति का उत्साह प्रधानमंत्री के निर्णय पर भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता इस कानून के प्रति जागरूकता अभियान को तेज करेंगी।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक मनीष पाराशर ने किया। जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि जनपद की तीनों विधानसभाओं में इस तरह के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं तक इस अधिनियम की जानकारी पहुंचाई जा सके। इस दौरान निर्मला बघेल, आकाश चौधरी, नरेंद्र गोयल, नारायण पांडे, प्रियंका उपाध्याय, जनार्दन शर्मा समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और महिला मोर्चा की सदस्य मौजूद रहीं।