बार एसोसिएशन मीरगंज, बरेली के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के स्वागत का क्रम लगातार जारी है। इसी क्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. डीसी वर्मा के सादर आमंत्रण पर एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लेकर अधिवक्ताओं का सम्मान किया।
कार्यक्रम में मीरगंज क्षेत्र के लोकप्रिय भाजपा विधायक डॉ डी सी वर्मा एवं अर्बन कोऑपरेटिव बैंक बरेली की अध्यक्षा श्रुति गंगवार (सुपुत्री पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार), ब्लॉक प्रमुख मीरगंज गोपाल कृष्ण गंगवार, गन्ना समिति मीरगंज के चेयरमैन तेजपाल फौजी तथा उत्तर प्रदेश ग्राम्य विकास बैंक शाखा मीरगंज के प्रतिनिधि होरी लाल गंगवार ने स्वागत किया इस दौरान अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन मीरगंज के अध्यक्ष पद पर चौथी बार निर्वाचित हुए एडवोकेट अशोक कुमार उपाध्याय, महासचिव एडवोकेट हरीश कुमार लाखा, उपाध्यक्ष एडवोकेट अरविंद कुमार प्रथम, सह सचिव एडवोकेट प्रेमपाल मौर्य एवं ऑडिटर एडवोकेट अरविंद कुमार द्वितीय सहित अन्य अधिवक्ताओं का फूल माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर जोरदार स्वागत किया गया। इसके साथ ही पूर्व बार अध्यक्ष सतीश चंद्र एडवोकेट, पूर्व महासचिव रईस अहमद, नवीन कुमार सिंह, रमेश सागर, अभय गंगवार, संजीव कुमार, अवनीश गंगवार और अरुण गंगवार सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि यह टीम अधिवक्ताओं के हितों के साथ-साथ वादकारियों को भी बेहतर न्यायिक सहयोग प्रदान करेगी।अपने संबोधन में बार अध्यक्ष अशोक कुमार उपाध्याय ने कहा कि बार संगठन के इतिहास में यह पहला अवसर है जब इतनी गरिमा और उत्साह के साथ अधिवक्ताओं का स्वागत किया गया है। उन्होंने विधायक डॉ. डीसी वर्मा का आभार व्यक्त करते हुए इसे उनकी लोकप्रियता का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम का आयोजन त्रिलोक चंद डिग्री कॉलेज, फतेहगंज पश्चिमी (जनपद बरेली) में किया गया। अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों को भोजन व जलपान कराकर कार्यक्रम का समापन किया गया।