Sunday, April 19, 2026

बरेली के संजय कम्युनिटी हॉल परिसर में 37 करोड़ से बनेगा हाईटेक ऑडिटोरियम

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 3, 2026

बरेली के संजय कम्युनिटी हॉल परिसर में 37 करोड़ से बनेगा हाईटेक ऑडिटोरियम

शासन ने दी हरी झंडी, आठ हजार मीटर में बनेगा बहुमंजिला आडिटोरियम

जागरण टुडे, बरेली

बरेली शहर के बीचों-बीच स्थित संजय कम्युनिटी हॉल, जो कभी शादियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र हुआ करता था, अब एक बार फिर नई पहचान के साथ उभरने जा रहा है। वर्षों से जर्जर अवस्था में खड़े इस भवन की किस्मत बदलने वाली है। करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से यहां अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडिटोरियम और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा।

नगर निगम ने एक करोड़ का बजट आरक्षित किया

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, बीते शनिवार को मिट्टी की जांच रिपोर्ट अनुकूल आने के बाद शासन ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अंतिम मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही निर्माण प्रक्रिया को गति देने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रारंभिक चरण में नगर निगम ने एक करोड़ रुपये का बजट भी आरक्षित कर लिया है और अगले सप्ताह टेंडर जारी करने की तैयारी है।

निगम को रिकॉर्ड टैक्स वसूली का मिला फायदा

अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना की नींव नगर निगम की बेहतर वित्तीय स्थिति पर टिकी है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में करीब 85 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड हाउस टैक्स वसूली ने शासन का ध्यान आकर्षित किया, जिसके बाद इस प्रस्ताव को मंजूरी मिली। यह उपलब्धि नगर निगम के लिए मील का पत्थर साबित हुई।

ग्राउंड फ्लोर से लेकर दूसरी मंजिल तक दुकानें रहेंगी

मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी के अनुसार, लगभग आठ हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनने वाला यह बहुमंजिला ऑडिटोरियम आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। ग्राउंड फ्लोर से लेकर दूसरी मंजिल तक दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए स्थान निर्धारित किया जाएगा, जिससे नगर निगम को स्थायी आय का स्रोत मिलेगा।

आसपास के क्षेत्रों का किया जाएगा कायाकल्प 

परियोजना के अंतर्गत केवल ऑडिटोरियम ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्र का भी कायाकल्प किया जाएगा। पास स्थित सरोवर को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत विकसित किया जाएगा। यहां मल्टीलेवल कार पार्किंग, कैंटीन और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

15 से अधिक वातानुकूलित शोरूम होंगे

अधिकारियों के अनुसार, इस परिसर में 15 से अधिक वातानुकूलित शोरूम, मल्टीपर्पज हॉल और आधुनिक रेस्ट रूम बनाए जाएंगे। यह प्रोजेक्ट न केवल शहर की सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा देगा, बल्कि व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।

यह भी पढ़ें: ब्रेकअप, डर, चिंता और खौफ में एआई का सहारा ले रहे युवा

यह भी पढ़ें: बरेली के लाइंस चेरिटेबल ब्लड सेंटर समेत सात ब्लड बैंकों पर लगी रोक  

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.