जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
थाना गंजडुण्डवारा क्षेत्र में माइनर बच्चे के साथ कुकर्म की सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज आठ घंटे के भीतर आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 01 अप्रैल को पीड़ित पक्ष द्वारा थाना गंजडुण्डवारा में तहरीर देकर ग्राम मौर्या निवासी अमन पुत्र अतर सिंह (उम्र करीब 20 वर्ष) के खिलाफ माइनर बच्चे के साथ कुकर्म करने का आरोप लगाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पोस्को एक्ट आदि मे मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ.पी. सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी पटियाली संदीप वर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
वही एसपी ओ पी सिंह के अनुसार देर रात प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पटवारी पुलिया के पास घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा तीन खोखा कारतूस बरामद किए गए। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम, उपनिरीक्षक डिप्टी सिंह, उपनिरीक्षक राजपाल, मुख्य आरक्षी विपिन तथा आरक्षी दिग्विजय, अवनीश, प्रमोद और मनीष की प्रमुख भूमिका रही।