जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने मंगलवार को कासगंज मंडी परिसर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं में सुधार लाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मंडी परिसर में पर्याप्त संख्या में पेड़ लगाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को बैठने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को लेकर कड़ी नाराजगी जताते हुए शौचालयों की स्थिति सुधारने और उनकी नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मंडी परिसर में प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि रात्रि के समय आने-जाने वाले किसानों और व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए, इसके लिए पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि मंडी परिसर को सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाया जा सके।
इस दौरान उप जिलाधिकारी संजीव कुमार, मंडी सचिव शैलेन्द्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।