जागरण टुडे, कासगंज।
जिले में चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व आज से विधिवत रूप से शुरू हो गया है, जो 27 मार्च तक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। नवरात्रि के प्रथम दिन भोर की पहली किरण के साथ ही जिले के प्रसिद्ध चामुंडा महारानी तरौरा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
सुबह होते ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया। दूर-दराज के गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे। पूरे मंदिर परिसर में “जय माता दी” के जयकारे गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
मां के दरबार में श्रद्धालुओं की गहरी आस्था देखने को मिली। कई भक्त दंडवत होकर मंदिर पहुंचे, तो वहीं अनेक श्रद्धालु सिर पर चुनरी और हाथों में सजी-धजी पूजा की थाली लेकर माता के चरणों में नतमस्तक हुए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन द्वारा कतारबद्ध तरीके से दर्शन की व्यवस्था की गई।
नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में स्थापित हवन कुंड में आहुति देकर वातावरण को और अधिक पवित्र बनाया गया।
मंदिर प्रशासन द्वारा सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंदिर पुजारी अनेक पाल ठाकुर ने बताया कि यह मंदिर लगभग 100 वर्ष पुराना है और मां चामुंडा रानी हर भक्त की मनोकामना पूरी करती हैं। यही कारण है कि यहां हमेशा भक्तों की अपार भीड़ रहती है।
भक्त राजेंद्र सिंह ने कहा कि वह पिछले 15 वर्षों से लगातार माता के दर्शन के लिए आ रहे हैं और उनकी हर मनोकामना मां ने पूरी की है।
वहीं नेमवती देवी ने बताया कि वह प्रतिदिन मंदिर आती हैं। उन्होंने बताया कि मां से बेटे की शादी की मनोकामना मांगी थी, जो पूरी हो गई। इस बार उन्होंने अपने व्यवसाय की उन्नति के लिए प्रार्थना की है।
नवरात्रि के पहले दिन उमड़ी भारी भीड़ इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ेगी। पूरे जिले में नवरात्रि को लेकर आस्था और उत्साह का माहौल बना हुआ है।