जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद के थाना गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव मोतीनगर में बुधवार को बंजारा हक अधिकार महारैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक ओमकार नायक ने की, जिसमें बड़ी संख्या में बंजारा समाज के लोग शामिल हुए।
महारैली में मुख्य अतिथि के रूप में सोहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर पहुंचे। इस दौरान उनका भव्य स्वागत किया गया।
उन्होंने अपने संबोधन में बंजारा समाज से अधिक से अधिक संख्या में पार्टी से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि जब समाज के अधिक प्रतिनिधि विधानसभा और लोकसभा में पहुंचेंगे, तभी उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा।
उन्होंने शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलानी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी अधिकारी बनकर समाज को नई दिशा दे सके। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश और केंद्र सरकार में पार्टी की भागीदारी है, ऐसे में समाज को एकजुट रहकर अपनी ताकत को और मजबूत करना चाहिए।
महारैली में वक्ताओं ने एक स्वर में एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि “एकता में ही सबसे बड़ी शक्ति होती है”, इसलिए समाज को आपसी मतभेद भुलाकर संगठित रहना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संजय नायक (प्रतिनिधि, पंचायती राज मंत्री), कमल सिंह नायक (क्षेत्र पंचायत सदस्य), शोभन सिंह नायक, रवि नायक, जयवीर नायक, नरेंद्र सिंह नायक (समाजसेवी) सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान समाज के अधिकारों और उत्थान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।