मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई, आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट में जा चुका है जेल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरगंज कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बीती रात एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 64.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली मीरगंज में तैनात उपनिरीक्षक सूरज पाल और उपनिरीक्षक श्रीनिवास अपनी टीम के साथ लभारी चौकी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 64.95 ग्राम स्मैक और एक ओपो स्मार्ट मोबाइल बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मेहरबान पुत्र शौहरत अली निवासी ग्राम रइया नगला, कोतवाली मीरगंज, जिला बरेली बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्मैक की बिक्री करता है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ वर्ष 2025 में शाहजहांपुर जनपद के जैतीपुर थाने में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।