Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज में ट्रक चालक पर ईंट-पत्थर बरसाने और युवक द्वारा तमंचा तानने का वीडियो वायरल, क्षेत्र में मची चर्चा

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 17, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज में ट्रक चालक पर ईंट-पत्थर बरसाने और युवक द्वारा तमंचा तानने का वीडियो वायरल, क्षेत्र में मची चर्चा

जागरण टुडे, कासगंज।


जनपद कासगंज के थाना गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव कपेटा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक ट्रक चालक के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उस पर ईंट-पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं, जबकि एक युवक हाथ में तमंचा लहराते हुए ट्रक चालक की ओर तानता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।


बताया जा रहा है कि वीडियो में तमंचा ताने दिखाई दे रहा युवक करन पुत्र रामप्रकाश निवासी नगला कपेटा थाना गंजडुंडवारा बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में वह सड़क किनारे खड़े ट्रक की ओर बढ़ते हुए दिखाई देता है और हाथ में तमंचा लेकर चालक की ओर तानता नजर आता है। इसी दौरान कुछ अन्य युवक ट्रक चालक पर ईंट-पत्थर फेंकते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोग शोर-शराबा करते हुए भी सुने जा सकते हैं।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक और कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद मामला बढ़ गया और कुछ लोगों ने ट्रक चालक पर हमला कर दिया। हालांकि इस पूरे मामले की पुष्टि अभी आधिकारिक तौर पर नहीं हो सकी है। वीडियो में मौजूद लोगों की पहचान को लेकर भी पुलिस स्तर पर कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।

वायरल वीडियो के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह से हथियार लहराए जाएंगे तो कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह घटना कब की है और ट्रक चालक व युवकों के बीच विवाद की असली वजह क्या थी। वहीं, वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा किया जा रहा है, जिसके चलते मामला चर्चा का विषय बन गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यदि वायरल वीडियो की पुष्टि होती है तो संबंधित युवकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस द्वारा मामले की जांच कराई जा सकती है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.