जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जिले में नए पुलिस अधीक्षक के रूप में आईपीएस अधिकारी ओम प्रकाश सिंह ने शनिवार देर शाम पुलिस लाइन पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। वह लखनऊ से स्थानांतरित होकर कासगंज आए हैं और वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।
बताया जाता है कि पुलिस महानिदेशक द्वारा शुक्रवार को जारी आदेश में कासगंज की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा का तबादला बदायूं कर दिया गया था। उनके स्थान पर ओम प्रकाश सिंह को कासगंज का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
पुलिस लाइन पहुंचने पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान, क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार तथा प्रतिसार निरीक्षक रविंद्र मलिक ने उनकी अगवानी करते हुए स्वागत किया। इस दौरान नवागत एसपी ने जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
नवागत पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के साथ अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निष्पक्षता व जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।