राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी बरेली के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को बरेली महानगर में तम्बाकू के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में स्थित शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग करते हुए लोगों को तम्बाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान मौलाना आजाद इंटर कॉलेज बरेली और रोहिलखंड विश्वविद्यालय बरेली के आसपास संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध से संबंधित नियमों के बारे में लोगों को विस्तार से जानकारी दी गई। टीम ने विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को तम्बाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि तम्बाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बनता है।
इन्फोर्समेंट टीम ने अभियान के दौरान सिगरेट और अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) की धारा 6 बी के तहत कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ चालान भी किए। चेकिंग के दौरान कुल 7 लोगों के चालान किए गए और उनसे कुल 1350 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
कार्रवाई के दौरान बरेली महानगर के मोहल्ला सूफी टोला निवासी जाफर हुसैन और श्यामतगंज निवासी हनीफ के अलावा रोहिलखंड विश्वविद्यालय के आसपास उर्वेश, विपिन सिंह, प्रताप सिंह, जगपाल और शांति देवी से कुल 1350 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। टीम ने सभी लोगों को भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करने और तम्बाकू उत्पादों का सेवन न करने की सख्त हिदायत भी दी।
इस अभियान का उद्देश्य आम जनमानस को तम्बाकू सेवन के खतरों से अवगत कराना और शिक्षण संस्थानों के आसपास तम्बाकू उत्पादों की बिक्री व सेवन पर प्रभावी रोक लगाना है। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे ताकि लोगों में तम्बाकू के प्रति जागरूकता बढ़े और सार्वजनिक स्थलों को धूम्रपान मुक्त बनाया जा सके।
इस कार्रवाई में अपर शोध अधिकारी एवं तम्बाकू नियंत्रण अधिकारी अजय पाल सिंह गंगवार के नेतृत्व में सचल दल ने कार्यवाही की। टीम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि अजय आनंद, नगर निगम के चीफ फूड इंस्पेक्टर महेंद्र पाल सिंह राठौर, चौकी प्रभारी श्यामतगंज तथा रोहिलखंड विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी शामिल रहे, जिन्होंने अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया।