कासगंज। जनपद में गौकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गंजडुंडवारा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गौकश को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, दो जिंदा बैल और गौकशी के उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी पटियाली संदीप वर्मा के नेतृत्व में शनिवार रात थाना गंजडुंडवारा पुलिस को सूचना मिली कि सुजावलपुर के जंगल में कुछ बदमाश दो जिंदा बैलों को गौकशी के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने खुद को घिरता हुआ पाकर पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
एएसपी सुशील कुमार के अनुसार पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम तसलीम पुत्र सलीम कुरैशी (35 वर्ष) निवासी बाजनगर सुजावलपुर थाना गंजडुंडवारा बताया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा व तीन खोखा कारतूस .315 बोर, दो जिंदा बैल, तीन छुरियां, लकड़ी का गट्टा, रस्सी, मोबाइल फोन और गौकशी के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मामले में थाना गंजडुंडवारा में धारा 109(1) बीएनएस, 5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम व 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।
मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम, उपनिरीक्षक नरेन्द्रपाल सिंह, रामवीर सिंह, जितेन्द्र सिंह, पुत्तू सिंह सहित हैड कांस्टेबल विपिन कुमार, प्रवीण कुमार, अवधेश कुमार तथा कांस्टेबल जगदीश सिंह, मनीष भाटी, धनंजय और अवनीश शामिल रहे।