Thursday, April 2, 2026

KASGANJ NEWS विशेष वर्ग के लोगों का दलित परिवार पर कहर, मारपीट के बाद झोपड़ी और ऑटो में लगाई आग

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 6, 2026

KASGANJ NEWS विशेष वर्ग के लोगों का दलित परिवार पर कहर, मारपीट के बाद झोपड़ी और ऑटो में लगाई आग


जागरण टुडे, कासगंज

सोरों कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पाठकपुर में दबंगों द्वारा दलित परिवार पर हमला करने और उनकी झोपड़ी व ऑटो में आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना में परिवार के तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।


ग्राम पाठकपुर निवासी रामू पुत्र पप्पू कोली ने पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह अपने परिवार के साथ गांव में रहता है। आरोप है कि गांव के ही कादरवाड़ी निवासी पुष्पेंद्र, अक्कू और अर्पित ने उससे शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की। रामू द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और धमकी देते हुए वहां से चले गए।

पीड़ित का आरोप है कि कुछ देर बाद उक्त तीनों युवक चार-पांच अन्य साथियों के साथ उसके घर पर आ पहुंचे और घर में घुसकर मारपीट करने लगे। शोर सुनकर जब रामू के वृद्ध पिता बीच-बचाव करने आए तो आरोपियों ने उन्हें भी बेल्ट और लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। इसी दौरान रामू की भाभी गीता भी मौके पर पहुंचीं तो उनके साथ भी आरोपियों ने मारपीट कर दी।

घटना के बाद पीड़ित रामू मारपीट की शिकायत करने के लिए सोरों कोतवाली पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान दबंगों ने उसके घर पहुंचकर उसकी झोपड़ी में आग लगा दी। झोपड़ी के बाहर खड़ा उसका ऑटो भी आग की चपेट में आ गया और जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग लगने से परिवार का काफी सामान भी जलकर नष्ट हो गया।

पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों की इस हरकत से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और परिवार दहशत में है। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। बाद में पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत की।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाने को मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.