जागरण टुडे, कासगंज।
सोरों क्षेत्र स्थित कुष्ठ आश्रम में रंगों का पावन त्योहार होली धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं नगरपालिका कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की रौनक को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सहित सोरों नगर पालिका की प्रभारी अधिशासी अधिकारी हर्षिता देवडा मौजूद रहीं।
होली मिलन कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं और गले मिलकर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। आश्रम में रह रहे लोगों के चेहरों पर रंगों की चमक और मुस्कान की रौनक देखते ही बन रही थी। अधिकारियों ने आश्रमवासियों के साथ समय बिताया और उनके सुख-दुख की जानकारी भी ली।
कार्यक्रम के दौरान मिठाई, फल एवं अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। बच्चों और बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए एक-दूसरे को रंग लगाया। इस अवसर पर उपस्थित नगरपालिका कर्मचारियों ने भी सहयोग करते हुए आयोजन को सफल बनाया।
प्रभारी ईओ हर्षिता देवडा ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच अपनत्व की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन हमेशा जरूरतमंद और वंचित वर्ग के साथ खड़ा है और आगे भी सहयोग जारी रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। आश्रम प्रबंधन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से आश्रमवासियों को परिवार जैसा स्नेह और सम्मान मिलता है।