जागरण टुडे, अंकित पंडित, सोरों,कासगंज।
सोरों थाना क्षेत्र में लहरा रोड स्थित नवदुर्गा मंदिर के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम कादरवाड़ी निवासी 55 वर्षीय अशफाक पुत्र वसीर खां की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अशफाक सुबह के समय घर से बकरियों के लिए चारा लाने निकले थे। वह लहरा रोड पर स्थित नवदुर्गा मंदिर के पास एक पेड़ पर पत्ते काटने के लिए चढ़े थे। इसी दौरान पेड़ के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। तेज करंट लगते ही वह पेड़ से नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सोरों थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेड़ के बेहद पास से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जिससे पहले भी हादसे की आशंका जताई जाती रही है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से लाइन को सुरक्षित दूरी पर शिफ्ट करने या उचित सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मृतक अशफाक अपने परिवार का भरण-पोषण मेहनत मजदूरी से करते थे। उनकी अचानक हुई मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।