जागरण टुडे, कासगंज
जनपद के उच्च प्राथमिक विद्यालय भिटौना में शुक्रवार, 27 फरवरी 2026 को विद्यालय वाहिनी के तत्वावधान में विज्ञान मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग सदस्य रेनू गौड़ एवं भूतपूर्व सैनिक श्री रामनिवास ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
विज्ञान मेले में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी में पर्यावरण संरक्षण, सौर ऊर्जा, जल संरक्षण, मानव शरीर रचना, प्रदूषण नियंत्रण तथा आधुनिक तकनीक से जुड़े मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। अतिथियों ने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर बच्चों द्वारा तैयार मॉडलों का अवलोकन किया और उनसे संबंधित प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी दी, जिसकी अतिथियों ने सराहना की।
अपने संबोधन में रेनू गौड़ ने कहा कि इस प्रकार के विज्ञान मेले के आयोजन से बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित होती है और उनमें विज्ञान के प्रति रुचि जागृत होती है। उन्होंने कहा कि जब बच्चे स्वयं प्रयोग और मॉडल बनाकर सीखते हैं तो उनका ज्ञान अधिक स्थायी और व्यावहारिक होता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शालिनी मिश्रा ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में समय-समय पर इस प्रकार की शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर विद्यालय वाहिनी के सदस्य अजीत रावत, शालू वर्मा, अमित पांडेय, शिक्षक दिनेश कुमार, कमलेश, मंजू, यतेन्द्र, विजय पाल, उर्मिला सहित अनेक ग्रामवासी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बच्चों के उत्साहवर्धन और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ