जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। आगामी होली पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, कासगंज द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उ०प्र० लखनऊ के आदेश एवं जिलाधिकारी कासगंज के निर्देश पर टीम ने कस्बा सहावर एवं कासगंज नगर में मोबाइल फूड टेस्टिंग लेबोरेटरी (एफएसडब्ल्यू वैन) के माध्यम से सघन जांच की।
अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों एवं आम जनमानस द्वारा उपलब्ध कराए गए कुल 24 खाद्य नमूनों की त्वरित जांच की गई, जिनमें से 2 नमूने मानक के विपरीत पाए गए। इसके बाद विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों से विधिवत नमूना संकलन की कार्रवाई की।
सोरों रोड, मेन चौराहा, सहावर स्थित पाल स्वीट्स से परमल स्वीट्स का नमूना लिया गया। अमांपुर स्थित नदीम ट्रेडर्स से बेसन का नमूना संग्रहीत किया गया। तहसील कासगंज क्षेत्र में एलआईसी ऑफिस के पास स्थित कन्हैया स्वीट्स से सोहनपपड़ी, अमीर खुसरो द्वार, किसरौली रोड स्थित मोईन के प्रतिष्ठान से कचरी तथा वहीं रजीउद्दीन के प्रतिष्ठान से रंगीन कचरी का नमूना लिया गया।
रजीउद्दीन के प्रतिष्ठान पर रखी लगभग 20 किलोग्राम रंगीन कचरी (दो बोरे), जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1200 रुपये बताई गई, को सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया।
कुल 5 खाद्य नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग ने जनपद के समस्त खाद्य कारोबारियों को सख्त चेतावनी देते हुए निर्देशित किया है कि मिलावटी सामान की बिक्री अथवा खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंग का प्रयोग करते पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी एक्सपायरी तिथि अवश्य जांच लें।
अभियान में सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय श्री आनन्द कुमार देव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अनिल कुमार गंगवार एवं श्रीमती प्रतिमा त्रिपाठी सहित विभागीय टीम शामिल रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व तक यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।