जागरण टुडे, कासगंज
कासगंज। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष रंजीत ठाकुर पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 21 फरवरी 2026 की रात लगभग 11 बजे की बताई गई है। दीनदयाल पुरम, नदरई गेट निवासी रंजीत ठाकुर (रंजीत सिंह) पुत्र राजकुमार सिंह के अनुसार वह Z.S. गार्डन, राज कोल्ड स्टोरेज के निकट आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। दावत के उपरांत वह अपने साथियों के साथ बातचीत कर रहे थे, तभी अनुकल्प पुत्र विजय चन्द्र निवासी दीनदयाल पुरम, नदरई गेट अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचा।
तहरीर में आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपित गाली-गलौज करते हुए आया और जान से मारने की नीयत से लोहे की सरिया से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में रंजीत ठाकुर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। बताया गया है कि आरोपी उन्हें घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में सौरभ पुत्र संसार बाबू सहित अन्य लोग बताए गए हैं। घायल को साथियों द्वारा कोतवाली ले जाया गया, जहां से उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। तहरीर में जान से मारने की धमकी देने का भी उल्लेख है।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।