जागरण टुडे, कासगंज (गंजडुंडवारा)
कासगंज जनपद के गंजडुंडवारा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सुजावलपुर के सहावर रोड स्थित क्षेत्र में हालात बद से बदतर हो चुके हैं। यहाँ मुख्तियार मिष्ठान भंडार के आसपास पिछले एक माह से जलभराव और सड़ांध का साम्राज्य कायम है, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि यह समस्या नई नहीं, बल्कि पिछले पांच वर्षों से नालों की सफाई न होने का नतीजा है।
वही रमजान के पवित्र महीने में स्थिति और भी शर्मनाक हो गई है। क्यों कि मस्जिद जाने वाले नमाजी गंदे, बदबूदार पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त जलभराव के चलते कई लोग फिसलकर गिर चुके हैं, वही कपड़े नापाक हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।
ग्रामीणों का दावा है कि नाले की सफाई को लेकर अब तक 100 से अधिक शिकायतें की जा चुकी हैं। ग्राम प्रधान से लेकर खंड विकास अधिकारी तक गुहार लगाई गई, मगर हर बार सिर्फ आश्वासन का झुनझुना थमा दिया गया। जमीनी हकीकत आज भी वही है।
क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं घरों में कैद होकर रह गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द सफाई नहीं हुई तो हालात विस्फोटक हो सकते हैं और प्रशासन को जनता के गुस्से का सामना करना पड़ेगा।
अब ग्रामीणों ने सीधे जिलाधिकारी प्रणय सिंह से हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों का साफ कहना है या तो नालों की तत्काल सफाई कराई जाए, या फिर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन रमजान के इस पवित्र माह मे गंदगी के ‘गड्ढे’ से बाहर निकालकर सुजावलपुर को राहत देगा, या फिर शिकायतों की फाइलें यूं ही धूल फांकती रहेंगी?