एक से चार मई तक दिल्ली के प्रगति मैदान में होगा व्यापार महोत्सव
अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ की ओर से दिल्ली के प्रगति मैदान में एक से 4 मई तक आयोजित होने वाले भारतीय व्यापार महोत्सव के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी मिली है। शनिवार दोपहर एसएसडी प्लाजा के एक रेस्टोरेंट में प्रेस से वार्ता करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष युवा सुनील खत्री ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास को महोत्सव का सदस्य घोषित किया है। उनके नेतृत्व में महोत्सव के लिए सुनील खत्री समेत 13 मुख्य पदाधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी दी गयी है।
व्यापारियों को स्टॉल लगाने से लेकर महोत्सव के संबंध में जानकारी साझा करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। इससे व्यापारियों के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार मिलने में आसानी होगी। प्रदेशभर के व्यापारी ज्यादा से ज्यादा अपने स्टाल लगाकर देश-विदेश तक अपने प्रोडक्ट का प्रचारित कर सकेंगे।
अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन घनश्याम दास गर्ग ही संगठन के प्रदेश अध्यक्ष हैं। प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग एवं प्रदेश महामंत्री तिलक राज अरोड़ा ने सभी जिलों के प्रमुख व्यापारियों को मेले में स्वदेशी उत्पाद का स्टाल लगाने का आह्वान किया है। बरेली एवं आसपास के जिले के उद्यमी एवं व्यापारी महोत्सव में स्टॉल लगाने के लिए संपर्क कर सकते हैं।
प्रेस वार्ता में कानूनी सलाहकार एडवोकेट शांतनु मिश्रा, संरक्षक धीरज सक्सेना, आजाद नवी, विजय कुमार सक्सेना, प्रवीण कुमार, मनोज देवल, कार्तिक चौधरी, ऋतिक भास्कर आदि मौजूद रहे।