जागरण टुडे, कासगंज।
राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय, अलीगढ़ द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालय आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप 2025–26 का आयोजन 11 व 12 फरवरी 2026 को के.ए. (पी.जी.) कॉलेज, कासगंज में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। टीम चैंपियनशिप में के.ए. कॉलेज, कासगंज ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर दोहरा खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ. शहनवाज खान ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। पर्यवेक्षक के रूप में डॉ. दुर्वेश कुमार उपस्थित रहे। चयनकर्ता मंडल में डॉ. भावना तिमल और अंतरराष्ट्रीय रेफरी डॉ. सरिता सिंह शामिल रहीं। आयोजन सचिव डॉ. प्रवीण कुमार सिंह जादौन के निर्देशन में प्रतियोगिता सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
समापन समारोह में कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अशोक रुस्तागी मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर राजेश्वर यादव सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
पुरुष टीम वर्ग में के.ए. कॉलेज, कासगंज विजेता तथा श्री वार्ष्णेय कॉलेज, अलीगढ़ उपविजेता रहा। महिला टीम वर्ग में भी के.ए. कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विभिन्न भार वर्गों में के.ए. कॉलेज के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में 50 किग्रा में यश शर्मा, 55 किग्रा में अमन कुमार, 70 किग्रा में आदि, 80 किग्रा में रुद्र प्रताप गिरि और 100 किग्रा में मोहम्मद जैद ने स्वर्ण पदक जीता। महिला वर्ग में 45 किग्रा में सोनी मोनी, 50 किग्रा में सोनी यादव, 55 किग्रा में छाया कुमारी, 60 किग्रा में कृतिका और 65 किग्रा में क्वीन गर्गी कौशल विजेता रहीं।
प्रतियोगिता से विश्वविद्यालय टीम का चयन किया गया, जो 11 से 15 मार्च 2026 तक आयोजित अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में भाग लेगी। यह प्रतियोगिता पहली बार एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज़ (AIU) के अंतर्गत आयोजित की जाएगी।