जागरण टुडे, कासगंज।
सदर तहसील क्षेत्र के गांव फरीदपुर में ग्राम समाज की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कब्जामुक्त करा दिया। बुधवार को तहसीलदार बलबंत सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गाटा संख्या 33 और 34 की पैमाइश कराई और जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
जानकारी के अनुसार ग्राम समाज की उक्त भूमि पर कुछ ग्रामीणों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया था। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद तहसील प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई का निर्णय लिया। निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार को तहसीलदार बलबंत सिंह राजस्व टीम के साथ गांव पहुंचे।
मौके पर लेखपाल दीपिका वर्मा, आयुष मिश्रा, विपिन शर्मा तथा कानूनगो पन्ना लाल मौजूद रहे। राजस्व अभिलेखों के आधार पर गाटा संख्या 33 व 34 की विधिवत नाप-तौल की गई। पैमाइश के दौरान राजस्व मानचित्र और अभिलेखों का मिलान कर भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की गई। जांच में पुष्टि होने पर ग्राम समाज की भूमि से अवैध कब्जा हटवाया गया।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ग्राम समाज की भूमि सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित होती है और उस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तहसीलदार ने कहा कि भविष्य में भी यदि किसी ने सरकारी या ग्राम समाज की जमीन पर अतिक्रमण करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से गांव में हड़कंप की स्थिति रही। वहीं कई ग्रामीणों ने प्रशासन के कदम का स्वागत करते हुए कहा कि सार्वजनिक भूमि को कब्जामुक्त कराना जरूरी है, ताकि उसका उपयोग सामुदायिक कार्यों में किया जा सके।
तहसील प्रशासन ने अन्य ग्राम समाज की भूमियों की भी जांच कराने के संकेत दिए हैं, ताकि अतिक्रमण की शिकायतों का समय पर निस्तारण किया जा सके।