प्राथमिक विद्यालय नौहझील के निलंबित प्रधानाध्यापक जान मुहम्मद को बीएसए ने बहाल कर दिया। इस पर शिक्षक संगठनों ने खुशी जताई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने निलंबन आदेश निरस्त कर जान मुहम्मद को उसी विद्यालय में बहाल किए जाने का आदेश जारी किया है।
बताते हैं कि प्रधानाध्यापक जान मुहम्मद को एक झूठी शिकायत के आधार पर निलंबित कर दिया गया था। इस मामले की जांच पूरी होने के बाद आरोप निराधार पाए गए, जिस पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निष्पक्ष निर्णय लेते हुए बहाली का आदेश दिया। बहाली आदेश जारी होने के बाद प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा के नेतृत्व में शिक्षकों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर उनका आभार जताया।
इस अवसर पर शिक्षक संघ के संरक्षक ठाकुर रोहताश सिंह ने कहा कि बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा की गई यह कार्रवाई न केवल न्यायपूर्ण है, बल्कि शिक्षक हितैषी भी है। उन्होंने कहा कि त्वरित निर्णय लेकर बीएसए ने शिक्षकों और अभिभावकों दोनों का विश्वास जीता है।
शिक्षक संघ के मार्गदर्शक शांतनु चौधरी, जिला मंत्री मुकेश कुंतल, सदर ब्लॉक मंत्री अवधेश शर्मा, बच्चू सिंह फौजदार, पुष्पेंद्र चौधरी, चंद्रकांत शर्मा, हेमंत शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रधानाचार्य जान मुहम्मद की बहाली पर प्रसन्नता व्यक्त की। शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह निर्णय उन शिक्षकों के लिए संदेश है, जो झूठे आरोपों के कारण मानसिक प्रताड़ना झेलते हैं। निष्पक्ष जांच और न्यायपूर्ण कार्रवाई से शिक्षा व्यवस्था में भरोसा मजबूत होता है।