जागरण टुडे,कासगंज(उदित विजयवर्गीय)। उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गंजडुंडवारा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएचसी पहुंचने पर उनका प्रभारी केन्द्र अधीक्षक डा० आकाश ने बुके भेढ़ कर स्वागत किया। जिसके बाद निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में महिलाओं को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, प्रसूति व्यवस्थाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई तथा स्टाफ की उपस्थिति की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के समय सदस्य ने ओपीडी, प्रसूति कक्ष, महिला वार्ड, टीकाकरण कक्ष एवं दवा वितरण काउंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती महिला मरीजों से बातचीत कर उपचार व्यवस्था व उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकांश मरीजों ने सेवाओं पर संतोष जताया, वहीं कुछ ने स्टाफ की कमी के कारण होने वाली परेशानियों की ओर ध्यान दिलाया।
स्टाफ की कमी का मुद्दा आया सामने
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। सीमित स्टाफ के चलते मरीजों को समय पर समुचित देखभाल उपलब्ध कराने में कठिनाइयाँ होने की बात भी सामने रखी गई। इस पर सदस्य रेनू गौड़ ने संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान कराए जाने एवं आवश्यकता पड़ने पर आयोग स्तर से भी शासन को अवगत कराया जाने की बात कही।
इस दौरान रैनू गौड ने कहाँ महिलाओं की स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संसाधनों की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वही उन्होने प्रसूति सेवाओं, जननी सुरक्षा योजना, पोषण परामर्श तथा प्रसव पूर्व व प्रसव पश्चात देखभाल व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अस्पताल में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय व्यवस्था दुरुस्त रखने व महिला मरीजों की गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी केन्द्र अधीक्षक डा० आकाश, डा० भरत सहित अन्य स्टाफ,स्टाफ नर्सें व स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।