Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS मदरसा बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियों का जायजा, एसडीएम/जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी हर्षिता देवड़ा ने किया बिलराम केंद्र का निरीक्षण

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 7, 2026

KASGANJ NEWS मदरसा बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियों का जायजा, एसडीएम/जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी हर्षिता देवड़ा ने किया बिलराम केंद्र का निरीक्षण


जागरण टुडे,कासगंज

उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा 9 फरवरी से प्रारंभ होने वाली हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में आज उपजिलाधिकारी एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी  हर्षिता देवड़ा ने बिलराम स्थित मदरसा बोर्ड के मुख्य परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।


 हर्षिता देवड़ा ने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखा जाए और किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित गतिविधि को सख्ती से रोका जाए। केंद्र के आसपास धारा 144 का पालन सुनिश्चित कराने और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक को परीक्षा से संबंधित सभी अभिलेख, उपस्थिति पंजिका, प्रश्न पत्रों की गोपनीयता तथा उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की गई और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कहा कि मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी होती हैं, इसलिए इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की, ताकि परीक्षाएं निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सकें।

निरीक्षण के उपरांत उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यदि सभी निर्देशों का पालन किया गया, तो परीक्षाएं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न होंगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.