गुड्डू यादव,
कासगंज।
फरवरी का महीना आते ही प्रेम और भावनाओं का रंग चारों ओर बिखरने लगता है। इसी प्रेम सप्ताह की शुरुआत रोज डे से होती है, जो हर साल 7 फरवरी को मनाया जाता है। इस दिन गुलाब का फूल प्रेम, अपनापन और सच्ची भावनाओं का प्रतीक बनकर सामने आता है। युवा वर्ग के साथ-साथ अब हर उम्र के लोग इस दिन को खास बनाने की कोशिश करते हैं।
रोज डे केवल प्रेमी-प्रेमिका तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि लोग अपने माता-पिता, दोस्तों, भाई-बहन और चाहने वालों को भी गुलाब भेंट कर अपने दिल की बात कहते हैं। गुलाब के अलग-अलग रंग भी अलग-अलग भावनाएं दर्शाते हैं। लाल गुलाब गहरे प्रेम और सच्चे प्यार का प्रतीक माना जाता है, जबकि गुलाबी गुलाब अपनापन और प्रशंसा को दर्शाता है। पीला गुलाब दोस्ती और खुशी का संदेश देता है और सफेद गुलाब शांति व सम्मान का प्रतीक होता है।
शहरों और कस्बों में रोज डे को लेकर बाजारों में खास रौनक देखने को मिलती है। फूलों की दुकानों पर गुलाब की मांग अचानक बढ़ जाती है। कई जगह रंग-बिरंगे गुलाब, गिफ्ट पैक और सजावटी बुकें उपलब्ध कराई जाती हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग रोज डे की शुभकामनाएं, शायरी और तस्वीरें साझा कर अपने जज़्बात व्यक्त करते हैं।
युवाओं का मानना है कि रोज डे उन्हें बिना शब्दों के अपनी भावनाएं जाहिर करने का मौका देता है। एक गुलाब कई बार वह कह देता है, जो शब्द नहीं कह पाते। वहीं कुछ लोग इसे रिश्तों में नई ताजगी और मिठास लाने का जरिया मानते हैं।
कुल मिलाकर रोज डे केवल एक दिन नहीं, बल्कि रिश्तों को संवारने और भावनाओं को सम्मान देने का अवसर है। यह दिन याद दिलाता है कि प्रेम और स्नेह को व्यक्त करना जरूरी है, क्योंकि छोटी-सी पहल भी किसी के चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकती है।