जागरण टुडे, पटियाली।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पटियाली का गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का नेतृत्व डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक (DCPM) के. पी. सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान अधिकारियों ने सीएचसी की कार्यप्रणाली, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान ओपीडी सेवाओं, ओपीडी पंजीकरण प्रणाली, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति, ड्यूटी रोस्टर तथा विभिन्न आवश्यक रजिस्टरों की गहनता से जांच की गई। अधिकारियों ने मरीजों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
इसके साथ ही अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, वार्डों की स्थिति, दवा स्टोर रूम, दवाओं के रखरखाव एवं उपलब्धता का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें और उनका सही तरीके से भंडारण किया जाए।
निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों को सीएचसी की अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इस पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन एवं स्वास्थ्य कर्मियों के कार्य की सराहना की। हालांकि निरीक्षण के दौरान सामने आई कुछ मामूली कमियों को शीघ्र सुधारने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके अतिरिक्त निरीक्षण टीम ने पटियाली ब्लॉक क्षेत्र के अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का भी दौरा कर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं, स्टाफ की उपलब्धता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सभी केंद्रों को शासन की मंशा के अनुरूप सेवाएं संचालित करने के निर्देश दिए।