Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS खंड विकास कार्यालय कासगंज का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, कार्यों में शिथिलता पर जताई कड़ी नाराजगी

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 4, 2026

KASGANJ NEWS खंड विकास कार्यालय कासगंज का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, कार्यों में शिथिलता पर जताई कड़ी नाराजगी


-मनरेगा भुगतान में लापरवाही पर लेखाकार को अंतिम चेतावनी, एक सप्ताह में प्रगति रिपोर्ट तलब


जागरण टुडे, कासगंज।

जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने बुधवार को खंड विकास कार्यालय कासगंज का औचक निरीक्षण कर कार्यालयी व्यवस्थाओं, विभिन्न विकास योजनाओं एवं अभिलेखों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कार्यों में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने और कई मामलों में शिथिलता सामने आने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।


जिलाधिकारी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर खंड विकास अधिकारी को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। विशेष रूप से मनरेगा से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने एपीओ एवं कंप्यूटर ऑपरेटर को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर कार्यों में तेजी लाई जाए।


निरीक्षण के दौरान मनरेगा भुगतान की स्थिति को अत्यंत असंतोषजनक बताते हुए जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि खंड विकास कार्यालय कासगंज जनपद में मनरेगा भुगतान के मामले में सबसे अधिक पिछड़ा हुआ है, जो गंभीर चिंता का विषय है। इस लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कार्यालय के लेखाकार को अंतिम चेतावनी देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि तत्काल प्रभाव से भुगतान की प्रगति सुनिश्चित की जाए।



जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि अगले दिन तक कार्यों में संतोषजनक प्रगति नहीं दिखाई देती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही उन्होंने एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित मामलों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था पर भी ध्यान दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय में स्वच्छता, सुव्यवस्थित अभिलेखों एवं बेहतर कार्य वातावरण को प्राथमिकता दी जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं को पारदर्शी, समयबद्ध एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए पूरी निष्ठा से लागू किया जाए।

निरीक्षण के समय मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, जिला परियोजना निदेशक विकल कुमार, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.