जागरण टुडे, कासगंज। नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों से अवैध वसूली के आरोपों के बाद अब नगर पालिका प्रशासन सक्रिय हो गया है। अब पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नई प्राप्त 190 पात्र लाभार्थियों की सूची के सत्यापन हेतु चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।
गौरतलब है कि विगत दिनों उक्त कार्य मे लगे नगर पालिका कर्मचारियो द्वारा पीएम आवास योजना में प्रति लाभार्थी 30-30 हजार रुपये की अवैध वसूली व भेद-भाव के गंभीर आरोप सामने आए थे। इस संबंध में कई सभासदों द्वारा दो पालिका कर्मचारियो के विरुद्ध शिकायत भी दर्ज कराई गई थी और कार्रवाई न होने की स्थिति में नगर पालिका कार्यालय परिसर में आमरण भूख हड़ताल की चेतावनी भी दी गई थी, जिसके बाद पालिका प्रशासन पर दबाव बढ़ गया था।
जिसके बाद अब ईओ सुनील कुमार द्वारा नई प्राप्त 190 लाभार्थियो की सूची के सत्यापन हेतु चार सदस्यी कमेटी का गठन किया गया है। गठित समिति में जेई निर्माण हेमंत कुमार, जेई जल अमरजीत, पालिका कर्मचारी नरेश पाल एवं अनिल माथुर को शामिल किया गया है। समिति द्वारा स्थलीय निरीक्षण एवं अभिलेखों के आधार पर पात्र लाभार्थियों का सत्यापन किया जाएगा, ताकि वास्तविक पात्रों को योजना का लाभ मिल सके।
नगर पालिका ईओ सुनील कुमार ने बताया कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी रहेगी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होने कहाँ कि सत्यापन के नाम पर अगर कोई पैसों की मांग करता है, तो उसकी शिकायत पालिका कार्यालय पहुंच उनके समक्ष जरूर दर्ज कराए। जिससे सम्बंधित के विरुद्ध कार्यवाही अमल मे लाई जा सके।