जागरण टुडे, कासगंज।
पवित्र नगरी सोरों स्थित लहरा गंगा घाट पर गंगा में पानी की कमी को लेकर जागरण टुडे द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला। खबर का संज्ञान लेते हुए प्रशासन हरकत में आया और शनिवार को सहावर एसडीएम एवं सोरों नगर पालिका अधिशासी अधिकारी हर्षिता देवड़ा एवं सोरों कोतवाल जगदीश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचकर अधिकारियों ने गंगा में पानी न आने की समस्या को गंभीरता से लिया और तत्काल समाधान के निर्देश दिए। जांच के दौरान सामने आया कि गंगा के प्रवाह को अवरुद्ध करने के लिए रेता और अस्थायी बांध बना हुआ था, जिसके कारण लहरा घाट तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जेसीबी मशीन मंगवाई गई।
करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान जेसीबी से बांध और रेता को पूरी तरह हटाया गया। अधिकारियों की मौजूदगी में यह कार्य कराया गया, ताकि गंगा के प्राकृतिक प्रवाह को बाधित करने वाले अवरोध पूरी तरह समाप्त हो सकें। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी और कोतवाल ने मौके पर मौजूद लोगों को भरोसा दिलाया कि बांध हटाए जाने के बाद गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ेगा और आज से लहरा गंगा घाट पर पर्याप्त पानी पहुंचना शुरू हो जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को स्नान और पूजा-पाठ में हो रही परेशानी से राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि हाल ही में गंगा में पानी की कमी के चलते श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही थी। महाशिवरात्रि जैसे प्रमुख पर्व के नजदीक होने के कारण श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही थीं। पूर्णिमा के अवसर पर भी लोग विधिवत स्नान नहीं कर सके थे।
प्रशासनिक कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली और जागरण टुडे के माध्यम से समस्या उठाए जाने पर संतोष व्यक्त किया। लोगों को उम्मीद है कि आगे इस तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए प्रशासन स्थायी निगरानी रखेगा।