जागरण टुडे, कासगंज/सोरों।
शनिवार को नगर पालिका परिषद सोरों द्वारा महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सोरों में लगने वाले ऐतिहासिक मेले की खुली बोली प्रक्रिया के माध्यम से नीलामी कराई गई। इस नीलामी प्रक्रिया का आयोजन पूरी तरह पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप किया गया, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
नगर पालिका द्वारा नीलामी की जानकारी पूर्व में न्यूज़पेपर, सोशल मीडिया एवं पीए (पब्लिक अनाउंसमेंट) के माध्यम से व्यापक रूप से प्रचारित की गई थी, ताकि अधिक से अधिक इच्छुक लोग बोली प्रक्रिया में भाग ले सकें। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नीलामी प्रक्रिया मजिस्ट्रेट, पुलिस प्रशासन एवं पत्रकार बंधुओं की उपस्थिति में संपन्न कराई गई।
नीलामी प्रक्रिया के दौरान कुल 7 प्रतिभागियों ने भाग लिया। बोली की शुरुआत आधार मूल्य 10 लाख रुपये से की गई थी। प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा के चलते बोली लगातार बढ़ती गई और अंततः सर्वाधिक बोली 15 लाख 60 हजार रुपये पर जाकर समाप्त हुई। नगर पालिका द्वारा निर्धारित अग्रिम सिक्योरिटी मनी 1 लाख 20 हजार रुपये रखी गई थी, जिसे नियमानुसार जमा कराया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सहावर एसडीएम एवं नगर पालिका परिषद सोरों की अधिशासी अधिकारी प्रभारी हर्षिता देवड़ा ने बताया कि नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराई गई है। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि मेले के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं एवं व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आगामी अन्य नीलामी प्रक्रियाएं 2 फरवरी से 7 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी, जिनमें सभी इच्छुक व्यक्ति नियमानुसार भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी एवं विवरण प्राप्त करने के लिए इच्छुक लोग नगर पालिका परिषद सोरों कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं अथवा मोबाइल नंबर 9752482373 पर जानकारी ले सकते हैं।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा मेले के दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं।