Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS बाबरिया गिरोह का भंडाफोड़: दो महिला सहित तीन गिरफ्तार, 3.50 लाख के जेवरात व तमंचा-कारतूस बरामद

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: January 25, 2026

KASGANJ NEWS बाबरिया गिरोह का भंडाफोड़: दो महिला सहित तीन गिरफ्तार, 3.50 लाख के जेवरात व तमंचा-कारतूस बरामद

जागरण टुडे, कासगंज।

जनपद कासगंज पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। गंजडुंडवारा थाना पुलिस ने शातिर बाबरिया गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 3.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात के साथ एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है। यह गिरोह वाहनों में सफर करने वाली सवारियों को निशाना बनाकर उनके बैगों से कीमती सामान चोरी करता था।

अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गंजडुंडवारा थाना पुलिस को लगातार वाहनों में चोरी की घटनाओं की शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गनेशपुर नहर पुल के पास से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम लोकेश बाबरिया पुत्र जितेंद्र निवासी ग्राम सरानी, थाना अवागढ़, जिला एटा तथा प्रीति बाबरिया पुत्री रामबीर सिंह और शीतल बाबरिया पत्नी लोकेश निवासी पिलख्तर, थाना फरिहा, जिला फिरोजाबाद बताया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक सोने की चैन, तीन अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, चांदी का जेवर, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे महिलाओं की मदद से बसों व अन्य वाहनों में सफर करते थे और मौका पाकर सवारियों के बैगों से जेवरात चोरी कर लेते थे।

आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि बीते दिनों सिंहपुरा से गंजडुंडवारा मार्ग पर सचिन कुमार निवासी झामरी की पत्नी के बैग से कीमती जेवरात चोरी किए गए थे, जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। उसी मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले और यह गिरोह पकड़ में आ सका।

फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस अन्य आपराधिक घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.