Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज में कांग्रेस स्थापना दिवस पर ध्वजारोहण, 140 वर्षों के ऐतिहासिक योगदान को किया याद

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 28, 2025

KASGANJ NEWS कासगंज में कांग्रेस स्थापना दिवस पर ध्वजारोहण, 140 वर्षों के ऐतिहासिक योगदान को किया याद


जागरण टुडे,कासगंज।

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस के 140 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कासगंज द्वारा सोरों गेट स्थित पार्टी कार्यालय पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनोज पाण्डेय द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाई और आज़ादी के बाद भी राष्ट्र निर्माण व विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया है।

मनोज पाण्डेय ने कहा कि 28 दिसंबर 1885 को बम्बई के गोकुलदास तेजपाल संस्कृत महाविद्यालय में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना हुई थी। इसका उद्देश्य ब्रिटिश शासन के प्रति बढ़ते असंतोष को संगठित स्वर देना और भारतीय बुद्धिजीवियों, सामाजिक सुधारकों व राजनीतिक विचारकों के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना था। कांग्रेस ने राष्ट्रवाद, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की भावना को आगे बढ़ाते हुए देश को नई दिशा दी।

कार्यक्रम में एआईसीसी सदस्य मुनेन्द्रपाल सिंह राजपूत ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक बेमिसाल योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, समाजवाद और लोककल्याणकारी राज्य की वैचारिक अवधारणाएं कांग्रेस की पहचान रही हैं। महात्मा गांधी द्वारा दिया गया जनांदोलन का मंत्र कांग्रेस की जनाभिमुख नीतियों और जनसंघर्ष की राजनीति की कसौटी रहा है। कांग्रेस भारत की विविधता में एकता और समावेशी राष्ट्रवाद की सशक्त प्रतिनिधि संस्था है।

इस अवसर पर भाजपा छोड़कर किताब सिंह मौर्य, नेम सिंह बघेल, सुरजीत बाल्मीकि और लल्ला बाबू बाल्मीकि ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।

ध्वजारोहण के पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर में स्थापित महापुरुषों—बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी—की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद सोरों गेट से गांधी मूर्ति तक पार्टी ध्वज लेकर पदयात्रा निकाली गई।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता सत्यप्रकाश गुप्ता, दीप कुमार पाण्डेय, प्रतिभा सिंह, दिव्या शर्मा, रजनेश उपाध्याय, अली हसन, सोहराब, तरुण शर्मा, अर्चिका मिश्रा, अजय बिसरिया, अमरदीन अंसारी, डॉ. मुहम्मद मियां, डॉ. देशबंधु बघेल, मीनाक्षी गौड़, उषा पाल, शैल कुमारी, प्रिया यादव, निर्जला कुमारी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.