जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद के ढोलना थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार दोपहर रंजिश के चलते हुए हमले ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया। खेत के विवाद को लेकर बाप–बेटी पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद पिता सरनाम पुत्र उल्फत की हालत नाजुक होने पर उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार सरनाम (38 वर्ष) अपनी पुत्री आरती (13 वर्ष), जो कक्षा 8 की छात्रा है, के साथ गांव में अपने खेत पर मकान निर्माण का कार्य कर रहे थे। बताया जाता है कि खेत के अन्य हिस्सेदार इस निर्माण से नाराज़ चल रहे थे। इसी रंजिश को लेकर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे 10–12 लोगों का समूह वहां पहुंचा और पीड़ित परिवार को निशाना बनाते हुए घर में घेर लिया। आरोप है कि इन्हीं में से कुछ हमलावरों ने फावड़े से बाप–बेटी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले के बाद घायल सरनाम और आरती चीख–पुकार करने लगे, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और किसी तरह हमलावरों को खदेड़कर घायलों की जान बचाई। दोनों को तत्काल ढोलना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस और परिजन घायलों को जिला अस्पताल कासगंज लेकर पहुंचे। डॉक्टर्स ने परीक्षण के बाद सरनाम की स्थिति को गंभीर बताते हुए उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घायल सरनाम की पत्नी ने आरोप लगाया कि हमलावर गांव के ही लोग—पंकज, नेम सिंह, नायकसे रीत, विपन निवासी दादों, रेखा निवासी नगला हंसी—सहित अन्य लोग थे। पीड़िता ने बताया कि हमलावरों ने अचानक घर में घुसकर हमला किया, जिससे बाप–बेटी बुरी तरह लहूलुहान हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।