जिले के थाना फतेहगंज पश्चिमी इलाके के गांव बल्लियां पश्चिमी में बुधवार देर रात एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे की छत के कुंडे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक घर में अकेला था और शराब का आदी बताया जाता है।
यह भी पढ़ें: आटोमेटिक कार नहीं मिली तो जज की वकील भतीजी को मार डाला
पुलिस के अनुसार गांव निवासी 22 वर्षीय सुनील कुमार ने देर रात फंदे से लटककर जान दे दी। जांच में सामने आया कि सुनील के पिता का निधन आठ साल पहले हो चुका था, जबकि उसकी मां करीब 15 वर्ष पूर्व ही परिवार को छोड़कर चली गई थी। उसका भाई पंकज लुधियाना में रहता है और बहन मामा के घर पली-बढ़ी है। घर में कोई परिजन न होने के कारण ग्रामीणों ने दरवाजा खुला देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को नीचे उतारा।
यह भी पढ़ें: पारंपरिक पुलिसिंग से नहीं रुकेगा साइबर अपराध, डिजिटली दक्ष हो पुलिस: एडीजी
फील्ड यूनिट की टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। पुलिस को मौके से दो शराब के क्वार्टर मिले हैं, जो भरे हुए थे। युवक शराबी था, लेकिन क्वार्टर खाली न होना मामले को संदिग्ध बना रहा है। साथ ही, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद नहीं था, जिससे पुलिस आत्महत्या या किसी अन्य आशंका के एंगल से भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर में ऑनर किलिंग: भाई ने बहन को बांका से काट डाला
लुधियाना से पहुंचे उसके भाई पंकज ने किसी भी रंजिश की संभावना से इनकार किया। उसने बताया कि सुनील बाहर रहकर टॉवर पर काम करता था और पांच दिन पहले ही घर आया था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का साफ पता नहीं चल पाया है। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।