जागरण टुडे, कासगंज।
जिला प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण मंगलवार को अपने एकदिवसीय दौरे पर कासगंज पहुंचे। उन्होंने यहां सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय एकता यात्रा में हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत शहर के सुमंत कुमार माहेश्वरी इंटर कॉलेज से हुई, जहां प्रभारी मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया।
प्रभारी मंत्री के साथ बड़ी संख्या में छात्र, स्थानीय नागरिक और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। एकता यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए श्री गणेश इंटर कॉलेज में जाकर समाप्त हुई, जहां एक विशाल सभा का आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण ने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया और बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि “जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है।” उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि “जब कन्नौज और मैनपुरी जैसी सीटें हम जीतते हैं तो विपक्ष को वोटिंग में कोई गड़बड़ी नहीं दिखती, लेकिन जब वे हारते हैं तो वोट चोरी का आरोप लगाने लगते हैं।”
उन्होंने कहा कि देश की जनता अब विकास की राजनीति को पसंद कर रही है और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुँच रहा है। मंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने में आगे आएं।
कार्यक्रम में ज़िला अध्यक्ष नीरज शर्मा, पूर्व विधायक राजवीर सिंह भल्ला, डीएस लोधी, रंजीत ठाकुर, सदर विधायक देवेन्द्र सिंह, अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश शाक्य सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से डीएम प्रणय सिंह और एसपी अंकिता शर्मा ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की निगरानी की। यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
सभा के बाद मंत्री ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करने के संकेत दिए।