जागरण टुडे, कासगंज।
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को मिली शानदार जीत का जश्न कासगंज जिले में जोर-शोर से मनाया गया। चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। जिले के भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ता इकट्ठा हुए।इसी दौरान खूब आतिशबाजी हुई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं में सुबह से ही उत्साह का माहौल था। जैसे-जैसे बिहार से एनडीए की बढ़त की खबरें आती गईं, जोश और भी बढ़ता गया। अंतिम परिणाम घोषित होते ही कासगंज में भाजपा कार्यालय पर जश्न अपने चरम पर पहुंच गया। जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा की मौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिहार की जनता के प्रति आभार जताया और नेतृत्व पर भरोसा बनाए रखने के लिए धन्यवाद दिया।
जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि बिहार में भाजपा-एनडीए की पूर्ण बहुमत की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों की जीत है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने विरोधियों को स्पष्ट संदेश देते हुए एनडीए पर विश्वास जताया है। यह जीत साबित करती है कि जनता विकास और स्थिरता चाहती है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता और उनकी नीतियों का प्रभाव देशभर में दिखाई दे रहा है।
नीरज शर्मा ने बताया कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर लगातार मेहनत करता है, और बिहार में मिली यह जीत उसी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व जिस तरह विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, वह पूरे देश में सकारात्मक माहौल बना रहा है। जिलाध्यक्ष ने बिहार की जनता और पार्टी नेतृत्व को जीत की बधाई देते हुए इसे ऐतिहासिक बताया।
जश्न के दौरान कोविड प्रोटोकॉल के पालन की अपील भी की गई। कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से जश्न मनाकर एनडीए की जीत को महान लोकतांत्रिक विजय बताया।